#DhartiAba भगवान #BirsaMunda की 151वीं जयंती पर ग्राम धनेला में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह
PMO India एवं CM Madhya Pradesh के कार्यक्रमों का हुआ सीधा प्रसारण, विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से सहरिया परिवारों को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी
एनडीआरएफ द्वारा सहरिया बसाहटों में तीन दिवसीय प्रदर्शन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम, ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों का दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम धनेला, मुरैना में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम धनेला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सहरिया विशेष पिछड़ी जनजाति के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह तथा मध्यप्रदेश के धार जिले में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित ग्रामीणजनों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन को देखा एवं सुना।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में देश से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन, पिछले 11 वर्षों में 50 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर लाने तथा जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनजातीय समुदाय के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की रक्षा तथा उनके सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में जनजातीय वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा धार से डही जल उद्वहन योजना का शुभारंभ किया।
विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से सहरिया विशेष पिछड़ी जनजाति के ग्रामीणजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं, उनकी पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, शिक्षा सहित अन्य विभागों द्वारा वनाधिकार पट्टा, छात्रवृत्ति, आवास, खाद्यान्न वितरण, स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन भी प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा ग्रामीणजनों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने तथा अपने अधिकारों एवं शासकीय सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।
सहरिया बसाहटों में एनडीआरएफ का तीन दिवसीय प्रदर्शन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम
भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा मुरैना जिले की सहरिया बसाहटों में तीन दिवसीय प्रदर्शन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम मरा, मानपुर, खोरा एवं कुसमानी में ग्रामीणजनों को आपदा प्रबंधन, बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के जवानों द्वारा विभिन्न प्रकार की आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, प्राथमिक बचाव उपायों तथा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जा रहा है। ग्रामीणों को प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं के समय स्वयं की सुरक्षा करने, घबराहट से बचने तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए जरूरतमंदों की सहायता करने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य सहरिया बसाहटों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ग्रामीण समुदाय को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम एवं तैयार करना है।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं योगदान का किया स्मरण
उल्लेखनीय है कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान का स्मरण करने के साथ ही जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति एवं विरासत के सम्मान का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को स्वाभिमान, अधिकारों के प्रति जागरूकता एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
कार्यक्रम का संचालन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किया गया।
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MadhyaPradesh #Morena #BhagwanBirsaMunda #JanjatiyaGauravDiwas #TribalPrideDay #AdivasiPride #DhartiAba #TribalFreedomFighter #JanjatiyaGaurav #AdivasiSamaj #TribalHeritage #FreedomFighter