अलिफ लैला क्लब फायरिंग मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी 6 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला/ 14 सितंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
13 सितंबर को पुलिस चौकी सेक्टर-10 पंचकूला को सूचना मिली कि नाइट क्लब अलिफ लैला में फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और मौके से तीन आरोपियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत तथा करनजीत सिंह के रुप में हुई है। तीनों पंजाब के फिरोजपुर जिला के रहने वाले है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार इस मामलें में सैक्टर-5 थाना में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आज तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग अवैध हथियार की बरामदगी व स्त्रोत के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: अवैध हथियार लेकर घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पंचकूला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। वारदात से जुड़े सभी आरोपियों और हथियार सप्लायरों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।