उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज स्वामी देवी दयाल ग्रुप ऑफ़ प्रोफ़ेशनल इंस्टीट्यूशन्स, बरवाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों, विशेषकर छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाओं में कई कमियां पाए जाने पर उपायुक्त ने कड़ा संज्ञान लिया और कॉलेज प्रबंधन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि उन्हें कॉलेज में विद्यार्थियों को पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न करवाए जाने तथा छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को असुविधाओं का सामना करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने स्वयं कॉलेज परिसर और छात्रावास का निरीक्षण किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्रावास की रसोई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों, अग्नि सुरक्षा तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। रसोई के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी उचित रूप से साफ नहीं किए गए थे। रसोई में मक्खियां भी पाई गईं, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उपायुक्त ने खाद्य पदार्थों के स्टोर रूम का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्था उचित नहीं मिली। इसके अतिरिक्त, रेफ्रिजरेटर में रखा कुछ सामान भी उपयोग योग्य स्थिति में नहीं पाया गया।
श्री सतपाल शर्मा ने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि तीनों मंजिलों के विद्यार्थियों के लिए केवल एक वाटर कूलर की व्यवस्था है और उसमें आरओ की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। उपायुक्त ने इस व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान भी कमियां सामने आईं। कॉलेज में पर्याप्त संख्या में फायर अलार्म और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा, सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक संख्या में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए थे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बिजली की तारें भी लटकती हुई पाई गईं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उपायुक्त ने कॉलेज प्रबंधन को बिजली की तारों को तत्काल व्यवस्थित करवाने तथा सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia