राष्ट्र सेविका समिति का भव्य पथ संचलन, विजयादशमी उत्सव में दिखा सेविकाओं का अनुशासन और राष्ट्रभक्ति
कानपुर। राष्ट्र सेविका समिति की बहनों द्वारा विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। बालाजी शिवधाम पार्क, ब्लॉक किदवई नगर से प्रारंभ हुआ यह पथ संचलन लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा के बाद संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. स्वामी साक्षी चेतना जी ने दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। इस दौरान समिति की सेविकाओं ने पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाकर समाज को एकता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
पथ संचलन में कानपुर के चारों जिलों की कार्यवाहिकाओं सहित हजारों की संख्या में सेविका बहनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं का अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के साथ हुआ।