#भरतपुर। नदबई नगर पालिका क्षेत्र के 32 वार्डों में 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के बाद उनके निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सचिन यादव और एरिया मजिस्ट्रेट मुनिदेव यादव ने मतदान कर्मियों को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ चुनाव संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए। अधिकारियों ने कार्मिकों को टीम भावना से काम करने, ईवीएम सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तुरंत सेक्टर मजिस्ट्रेट को देने के लिए पाबंद किया है। शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू होने वाला मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इससे पूर्व निर्धारित समय पर मॉकपोल की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशिक्षण में अधिकारियों को ईवीएम संचालन, मशीन सीलिंग और वीवीपैट की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया गया। मतदाताओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि वोटिंग कंपार्टमेंट में बटन दबाने के बाद आने वाली 'बीप' की आवाज और वीवीपैट पर दिखने वाली पर्ची ही मतदान पूर्ण होने की पुष्टि करेगी। मतदान केंद्रों पर शांति व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस सीओ भवानी सिंह शेखावत, सेक्टर मजिस्ट्रेट तरुण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 10, 2026