*बिग ब्रेकिंग न्यूज*
*बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता ने बीएलओ को फोड़ने की दी धमकी*
*पुलिस मूक दर्शक बन देखती रही तमाशा*
*वीडियो वायरल होने के बाद भी चुनाव आयोग मौन*
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में बुधवार को नगरनिगम के लिए कराए गए मतदान के दौरान बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता द्वारा मतदान केंद्र के अंदर बीएलओ को धमकी देते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वायरल वीडियो की सबसे दिलचस्प बात यह है कि निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी को दी जा रही धमकी के समय बगल में बैठी पुलिस मूक दर्शक बनी देखती रही। वीडियो में प्रदेश प्रवक्ता बीएलओ से कह रहे हैं कि "बदतमीजी मत करना नहीं तो तुझे 5 मिनट में फोड़ दूंगा"। गौरतलब है कि प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कौशिक की पत्नी कल्पना कौशिक वार्ड नंबर 25 से चुनाव लड़ी थीं। सोनी एकेडमी स्कूल में वोटिंग के लिए बनाये गए बूथ पर फर्जी वोट की शिकायत पर शैलेश कौशिक पत्नी के साथ बूथ पर पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि एक व्यक्ति जब वोट डालने के लिए आया तो उसे पता लगा कि उसका वोट पहले ही डाला जा चुका है। मामले को लेकर बीएलओ और प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कौशिक के बीच हुए विवाद के दौरान बूथ के अंदर शैलेश कौशिक ने बीएलओ के साथ बदतमीजी करना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने प्रदेश प्रवक्ता का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।