जिला पदाधिकारी ने साइबर सुरक्षा जागरूकता हेतु ‘पपेट शो’ कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
आज दिनांक 02.11.2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश ने साइबर सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित ‘पपेट शो’ कार्यक्रम को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न टोलों में ‘पपेट शो’ के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि आमलोगों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से मिल सके।
उप विकास आयुक्त, नवादा श्री शम्भू शरण पांडेय ने बताया कि ‘पपेट शो’ के माध्यम से रोचक एवं मनोरंजक तरीके से लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन एवं बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल एवं ऑनलाइन संदेशों से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
प्रभारी जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अमरनाथ कुमार ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन नवादा प्रखंड की आंती, कादिरगंज, पौरा, ओरैना एवं खरांट पंचायतों के विभिन्न टोलों में ‘पपेट शो’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने उत्साह एवं रुचि के साथ भाग लिया तथा मनोरंजक प्रस्तुति के माध्यम से साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस अवसर पर जन-सम्पर्क कार्यालय के कर्मी श्री शशि कुमार, श्री गुड्डू कुमार, श्रीमती रजनी कुमारी, श्री कमलेश कुमार सिंह, श्री रणवीर कुमार, श्री उपेन्द्र प्रसाद वर्मा सहित समाहरणालय संवर्ग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Nov 2, 2026