नशे में वाहन चलाने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस सख्त, सघन चेकिंग अभियान जारी,, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ होगी वैधानिक कार्रवाई,,
रुद्रप्रयाग जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की ओर से विशेष रूप से ऐसे वाहन चालकों की जांच की जा रही है, जो शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाते हैं। ऐसे चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि वाहन में सवार यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी
सांयकालीन और रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान पुलिस प्रमुख मार्गों के साथ ही होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने, हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यकतानुसार चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शराब के सेवन से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, एकाग्रता और प्रतिक्रिया देने की गति प्रभावित होती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वाहन चलाते समय की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस की आमजन से अपील
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यातायात सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे में वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।