“हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की थीम पर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
जिला कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिवपुरी द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ पंचायती राज प्रशिक्षण केन्द्र, कोठी नं. 26 में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव रहीं तथा अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास समिति, जिला पंचायत शिवपुरी के सभापति श्री अवधेश बैद्या ने की।
09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पका भोजन, सामुदायिक सहभागिता, बाल विकास तथा मातृ स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम के सीधे प्रसारण का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री धीरेन्द्र सिंह जादौन, सहायक संचालक श्री पवन तिवारी, विभागीय पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
“हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की भावना के साथ पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए सुपोषित एवं स्वस्थ शिवपुरी के निर्माण के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
#shivpuri
260 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026