बाजपुर न्यूज
हरिपुरा जबरान में परिवारों पर गिरा पेड़, गाय भी घायल; प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
बाजपुर। बाजपुर के ग्राम हरिपुरा जबरान में रविवार को करीब एक घंटे पूर्व जंगल के समीप बसे परिवारों के ऊपर पेड़ गिरने से हादसा हो गया। इस घटना में एक गाय भी घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य के पीए अभिषेक तिवारी ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए एसडीएम तथा डीएफओ रुद्रपुर से फोन पर वार्ता की। उन्होंने जंगल के समीप आबादी वाले क्षेत्र में खड़े खतरनाक पेड़ों को तत्काल हटाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
अभिषेक तिवारी की वार्ता के बाद डीएफओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि सोमवार सुबह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
अब स्थानीय परिवारों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही खतरनाक पेड़ों को हटाने की कार्रवाई करेगा, जिससे लोगों और उनके पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।