बाजपुर न्यूज
ग्राम प्रधान उपचुनाव को लेकर हरलालपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च
शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ग्रामीणों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील
बाजपुर। ग्राम प्रधान उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को बाजपुर पुलिस ने ग्राम हरलालपुर में फ्लैग मार्च किया। क्षेत्राधिकारी बाजपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।
12 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्राम प्रधान उपचुनाव के मद्देनजर पुलिस टीम ने चिह्नित मतदान केंद्रों एवं बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।