जनता दरबार में 29 मामलों की सुनवाई, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*जनता दरबार में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए*। इनमें सर्वाधिक मामले भूमि एवं राजस्व से संबंधित रहे। दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण, भू-विवाद एवं परिमार्जन से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों ने आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों को संबंधित अंचलाधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं।