कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर अधिकारियों को मिला निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीएम की अध्यक्षता में सुपर जोनल, जोनल दंडाधिकारियों एवं पीठासीन पदाधिकारियों की हुई ब्रीफिंग
लखीसराय। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें सुपर जोनल दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों एवं पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना आवश्यक है।
डीएम ने मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, मतदाताओं की सुविधा एवं मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र और मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
ब्रीफिंग के दौरान मतदान प्रक्रिया, मतपत्र एवं मतपेटिका के उपयोग, मतदाताओं द्वारा वरीयता क्रम में मत अंकित करने सहित निर्वाचन आयोग के अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें, ताकि निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।