खाजूवाला चेयरमैन चुनाव, भाजपा से मंगल सिंह,
कांग्रेस से रेणु सहारण ने दाखिल किया नामांकन
बीकानेर ।नगर निकाय चुनाव के परिणाम सामने
आने के बाद अब खाजूवाला नगरपालिका के चेयरमैन पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चेयरमैन पद के लिए बुधवार को भाजपा के मंगल सिंह और कांग्रेस की रेणु सहारण ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं डमी प्रत्याशी के रूप में मुनसफ ने भी नामांकन दाखिल किया।
नगरपालिका के 20 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने 11 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया है। वहीं एक निर्दलीय पार्षद के भाजपा खेमे में शामिल होने के बाद भाजपा के समर्थन में पार्षदों की संख्या और बढ़ गई है।
*मंगल सिंह के नाम पर भाजपा की मुहर*
चेयरमैन पद के लिए भाजपा ने मंगल सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। भाजपा पर्यवेक्षक ओपी महेंद्र पार्टी का सिंबल लेकर मंगल सिंह के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां मंगल सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान भाजपा समर्थकों की बड़ी संख्या एसडीएम कार्यालय के बाहर पहुंची। सड़कों पर समर्थकों की भारी भीड़ नजर आई और जमकर नारेबाजी हुई। मंगल सिंह के नामांकन के साथ ही खाजूवाला में चेयरमैन पद को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।
*कांग्रेस ने रेणु सहारण को मैदान में उतारा*
वहीं कांग्रेस की ओर से रेणु सहारण ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन के बाद मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है। अब चेयरमैन पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
नगरपालिका में बहुमत के आंकड़े और पार्षदों के समर्थन को देखते हुए चेयरमैन पद का चुनाव खाजूवाला की स्थानीय राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। नामांकन के बाद अब सभी की नजरें चेयरमैन पद के चुनाव और पार्षदों के रुख पर टिकी हैं।