विधायक खेल विकास योजना की हॉकी टीमें ऑल इंडिया टूर्नामेंट खेलने पश्चिम बंगाल रवाना
कालिम्पोंग में आयोजित होगी 6-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता
देशभर की 28 टीमें लेंगी भाग
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल 28अक्टूबर। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की खेल विकास योजना के अंतर्गत भीलवाड़ा की रोटरेक्ट क्लब की बॉयज टीम और भीलवाड़ा सोशल क्रू की गर्ल्स टीम पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में आयोजित होने वाली 6-ए-साइड ऑल इंडिया हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आज न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना हुईं। प्रतियोगिता में देशभर की 16 बॉयज टीमें और 12 गर्ल्स टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
मुख्य कोच अजीत जैन ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की दोनों टीमें उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने जा रही हैं। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने, अन्य राज्यों की टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर प्रदान करेगी।
रोटरेक्ट क्लब की टीम में कप्तान रजत गाडरी के साथ शिवम सिंह, प्रिंस मीणा, कृष्णा मीणा, प्रद्युम्न सिंह, आदित्य धाकड़ और मुरली शामिल हैं।
भीलवाड़ा सोशल क्रू की गर्ल्स टीम की कप्तान दिव्यांशी सोलंकी हैं। टीम में गरिमा सिसोदिया, कोमल बिश्नोई, पूर्व चौहान, परी पवार, मोनिका केवट और दिव्या ढोली शामिल हैं।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी एवं खेल विकास योजना के संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत ने प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलने से उनके खेल कौशल में निखार आता है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि भीलवाड़ा की दोनों टीमें प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन करेंगी।