एनएसएस शिविर के चौथे दिन सिलपड़ी में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर (मांधा)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए गांव सिलपड़ी में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों सुभाष शर्मा एवं कामिनी शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। रैली के माध्यम से लोगों से अपने आसपास गंदगी न फैलाने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्वयंसेवकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पानी की बर्बादी रोकने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों से भी स्वच्छता एवं जल संरक्षण के लिए सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी कामिनी शर्मा सहित एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान और जागरूकता रैली में भाग लिया।