प्रगति फिनसर्व में 90 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, ब्रांच मैनेजर समेत चार गिरफ्तार
संतकबीरनगर। गरीब और जरूरतमंद लोगों को ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर करीब 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में संतकबीरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी धनघटा श्री अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में की गई।
थानाध्यक्ष महुली श्री दुर्गेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 67/2026, धारा 318(4) बीएनएस में वांछित अभय कुमार तिवारी पुत्र गुप्तेश्वर तिवारी निवासी बरियारपुर, बलिया, वीरेंद्र पुत्र वेदराम निवासी रामनगर मुढ़ाल, रायपुर खास, फतेहगढ़, शिव वर्मा पुत्र राजकिशोर वर्मा निवासी पैकोलिया, बस्ती और अकरम हुसैन पुत्र अली राजा निवासी कुरिया एकदंगा, भावपुर, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया।
मामले में 21 फरवरी 2026 को प्रगति फिनसर्व के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री रघुवीर पुत्र हरिलाल निवासी प्रजापतिपुर, मिर्जापुर ने थाना महुली में शिकायत दी थी। आरोप था कि ब्रांच मैनेजर अभय कुमार तिवारी और अन्य आरोपियों ने मिलीभगत कर गरीबों को आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर धनराशि लेकर कंपनी के साथ करीब 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी व गबन किया।
विवेचना में धारा 319(2), 338, 336(3) और 339 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पूर्व में प्रगति फिनसर्व, मुखलिसपुर बाजार में कार्यरत थे और मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट गए थे, लेकिन राहत न मिलने पर फरार चल रहे थे।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में श्री अजय कुमार भारती, कांस्टेबल आदित्य सिंह, हर्ष तिवारी, अनुराग मिश्रा, अरविन्द यादव, रितेश यादव और महिला कांस्टेबल शालिनी तिवारी शामिल रहे।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Aug 22, 2026