नशा तस्कर और आदतन आरोपी पर चला गुरुग्राम पुलिस का बुल्डोजर
आरोपी द्वारा अवैध रूप से किया हुआ था मकान का निर्माण।
आरोपी पर दर्ज हैं 13 गंभीर आपराधिक अभियोग।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 24 जून ।जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस द्वारा भूमि माफियाओं, नशा तस्करों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर व्यापारी मोहल्ला, पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) में अवैध रूप से किए गए निर्माण की पहचान कर जिला प्रशासन के सहयोग से मशीनरी की सहायता द्वारा अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया तथा भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
इस कार्रवाई में अपराधी शोएब उर्फ सिक्कू निवासी व्यापारी मोहल्ला, पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) को चिन्हित किया गया। उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के 4 अभियोग, जुआ अधिनियम के 3 अभियोग, आर्म्स एक्ट का 1 अभियोग, मारपीट/दंगा/तोड़फोड़ से संबंधित 3 अभियोग, एससी/एसटी एक्ट के 2 अभियोग तथा रंगदारी/धमकी से संबंधित 1 अभियोग सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के कुल 13 अभियोग पहले से अंकित हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि उपरोक्त अपराधी द्वारा वार्ड नम्बर-11, व्यापारी मोहल्ला, पटौदी में लगभग 120 वर्ग गज भूमि पर एक मंजिला मकान का अवैध रूप से निर्माण किया हुआ था। उक्त निर्माण को प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण करने उपरांत ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई अपराध शाखा फर्रुखनगर, गुरुग्राम द्वारा जिला प्रशासन के समन्वय से थाना पटौदी क्षेत्र में की गई। गुरुग्राम पुलिस की कड़ी निगरानी में अवैध संरचना को हटाया गया तथा कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से बनाए रखी गई।
गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के अवैध आर्थिक तंत्र को समाप्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों तथा अवैध कब्जों के विरुद्ध ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
Jhajjar, Jhajjar | Jun 24, 2026