जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मातृ एवं शिशु अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिये सख्त निर्देश
~~~~~~~~~~~~~~~~~~
मुजफ्फरपुर
26 जून 2026
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं मरीजों के लिए सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, शिशु वार्ड, मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच), दवा वितरण केंद्र तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन की जाय।
जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गर्भवती महिलाओं, प्रसूता माताओं तथा नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं समुचित देखभाल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मातृ एवं शिशु अस्पताल में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां सामान्य एवं आवश्यकता पड़ने पर ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव, गर्भावस्था की नियमित जांच एवं उपचार, नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के रोगों का उपचार, टीकाकरण तथा परिवार नियोजन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन सभी सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र मरीज तक प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल में संचालित ओपीडी, आईपीडी एवं इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिदिन इलाज कराने आने वाले मरीजों की संख्या, निबंधन की प्रक्रिया, मरीजों को मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के पंजीकरण से लेकर उपचार तक की पूरी प्रक्रिया सरल एवं व्यवस्थित हो, ताकि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी दवा वितरण केंद्र भी पहुंचे। वहां उन्होंने दवा भंडार पंजी, दवा वितरण पंजी एवं प्रतिदिन वितरित की जाने वाली दवाओं का रिकॉर्ड देखा तथा उपलब्ध दवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद मरीजों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं या नहीं। मरीजों ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था एवं दवा वितरण प्रणाली पर संतोष व्यक्त किया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर, वार्डों, शौचालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा प्रत्येक वार्ड, शौचालय एवं परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित अस्पताल मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि केवल जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का भी नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा की जाय। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाय। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार, प्रभारी अधीक्षक डॉ. ज्ञानेंदु शेखर सहित सदर अस्पताल के कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
State Health Society, Bihar
Bihar Health Department
1 views | Muzaffarpur, Bihar | Jun 26, 2026