धारचूला के हाट देहात में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया सातों-आठों गौरा पर्व
धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला के हाट देहात गांव में सातों-आठों गौरा पर्व आस्था, भक्ति और कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्व के अवसर पर महामंडलेश्वर वीरेंद्र महाराज और भाजपा नेता प्रदीप रावत ने कार्यक्रम में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों के साथ गौरा उत्सव में भागीदारी की।
महामंडलेश्वर वीरेंद्र महाराज ने गौरा-महेश्वर की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा में भाग लेते हुए देवी को फल अर्पित किए तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ उछाल की पारंपरिक रस्म में भी भागीदारी की।
वहीं भाजपा नेता प्रदीप रावत भी हाट देहात गांव पहुंचे। उन्होंने गौरा-महेश्वर की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों के साथ झोड़ा-चांचरी में शामिल होकर कुमाऊं की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगे नजर आए।
इधर धारचूला के युवा भाजपा नेता राजेंद्र नेगी ने गलाती क्षेत्र में आयोजित गौरा पर्व कार्यक्रम में भागीदारी की। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को सातों-आठों गौरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे पर्व हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं।
गौरा पर्व के दौरान गांवों में महिलाओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना के साथ झोड़ा-चांचरी और लोकगीतों में भाग लिया। पूरे क्षेत्र में दिनभर उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
फोलो करें धन्यवाद
नदीम परवेज़ धारचूला
Dharchula, Pithoragarh | Aug 20, 2026