समाचार
धारचूला में एसआईआर शिविर जारी, नोटिसों के बाद लोगों में बढ़ी हलचल; 11 अगस्त तक चलेगा दस्तावेज सत्यापन अभियान
धारचूला। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत धारचूला में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नोटिस जारी होने के बाद लोगों में अपने दस्तावेजों को लेकर काफी हलचल देखी जा रही है। बड़ी संख्या में लोग ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर एडीओ पंचायत, बीडीओ, आरओ और एआरओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
आज सूवा, लूरकोट, तांतर, रांथी, खोतेला सहित अन्य ग्रामों के मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू किया गया। जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गई हैं, उनके आवश्यक दस्तावेज लेकर त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही नोटिस प्राप्त मैप्ड और अनमैप्ड मतदाताओं से भी आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जा रहे हैं।
एडीओ पंचायत ने बताया कि यह अभियान 11 अगस्त तक लगातार चलेगा। अलग-अलग तिथियों में विभिन्न गांवों और तोकों के लिए ब्लॉक सभागार में एसआईआर शिविर लगाए जा रहे हैं।
वहीं, नगर पालिका क्षेत्र के मतदाताओं के लिए भी तहसील सभागार में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में बूथवार दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं तथा विसंगतियों, मैप्ड और अनमैप्ड मामलों का निस्तारण किया जा रहा है।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में से उपलब्ध कोई एक वैध दस्तावेज समय रहते जमा कर दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई पात्र मतदाता निर्धारित समय में दस्तावेज जमा नहीं करता है, तो उसे बाद में फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करना पड़ सकता है। इसलिए सभी लोग अपने-अपने बीएलओ अथवा संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करें।