शाहजहांपुर में झोलाछाप चिकित्सकों के अवैध क्लिनिक सीज
शाहजहांपुर: जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को झोलाछाप नोडल अधिकारी डॉ. इरफान के नेतृत्व में टीम ने मदनापुर और सिंधौली क्षेत्र में संचालित अवैध क्लिनिकों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई क्लिनिकों में आवश्यक चिकित्सीय मानकों का पालन नहीं पाया गया और संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध क्लिनिकों को सीज कर दिया और क्लिनिक संचालकों को नियमानुसार चिकित्सा सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों के क्लिनिकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से झोलाछाप चिकित्सकों में खलबली मची है।