*सुरसंड नगर पंचायत में विकास का मेगा प्लान तैयार! सड़क-नाला, जलमीनार, सम्राट अशोक भवन, इको पार्क से लेकर बड़ा पुपरी बस स्टैंड के निर्माण तक का फैसला!*
*1000 फीट सड़क और 1000 फीट नाला निर्माण को प्राथमिकता, हर वार्ड में पांच-पांच योजनाएं होंगी क्रियान्वित, आवास भुगतान में देरी पर अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने कर्मियों को लगाई फटकार।*
सुरसंड (सीतामढ़ी)। सुरसंड नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में विकास से जुड़े कई बड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सड़क, नाला, पेयजल, पार्क, भवन निर्माण, बस स्टैंड और आवास योजना सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में लिए गए फैसले नगर पंचायत के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
बैठक में क्षेत्रीय विधायक प्रो. नागेंद्र राउत, कार्यपालक पदाधिकारी कुलदीप सिंहा, उपाध्यक्ष निरंजन मंडल, स्वच्छता पदाधिकारी रवि भूषण कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वार्ड-1 और 2 की जलजमाव वाली सड़क को मिलेगी प्राथमिकता
नगर पंचायत की सबसे गंभीर समस्याओं में शामिल वार्ड संख्या 1 और 2 की जलजमाव वाली सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सरस्वती मंदिर स्कूल होकर गुजरने वाली सड़क की समस्या को देखते हुए 1000 फीट नाला और 1000 फीट सड़क निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इससे स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी जलजमाव और आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
सम्राट अशोक भवन और इको पार्क का होगा निर्माण
बैठक में पुराने सीईओ कार्यालय की जमीन पर सम्राट अशोक भवन बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं वार्ड संख्या 17 में हाई स्कूल के सामने इको पार्क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इसके अतिरिक्त बच्चा फुलवारी स्थित सड़क का निर्माण भी जल्द कराने पर सहमति बनी।
बड़ा पुपरी बस स्टैंड के विकास की तैयारी
बैठक में नेवालाल कुट्टी राम-जानकी मंदिर की जमीन सरकार से लेकर बड़ा पुपरी बस स्टैंड का बड़े स्तर पर निर्माण एवं विकास कराने का निर्णय भी लिया गया। इस योजना से बस स्टैंड की व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की उम्मीद है।
हर वार्ड में जलमीनार, घर-घर पहुंचेगा पानी
नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में बड़े जलमीनार का निर्माण कर लोगों के घरों तक पेयजल पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई। वहीं प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच योजनाओं को विभागीय एवं टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से क्रियान्वित कराने की बात कही गई।
छठ से पहले रास्तों की होगी मिट्टी भराई
दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए छठ घाटों एवं पूजा स्थलों तक जाने वाले रास्तों पर मिट्टी भराई कराने का निर्णय लिया गया, ताकि छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
आवास योजना में देरी पर अध्यक्ष सख्त, कर्मियों को लगाई फटकार
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को भुगतान में हो रही देरी पर अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं पुरानी योजना में उत्पन्न गतिरोध को दूर कर लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
कुल मिलाकर सुरसंड नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में विकास का व्यापक खाका तैयार किया गया।