सावन की रंग-बिरंगी छटा में सजा ‘सावन क्वीन’ एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
सिंगरौली:जिले के विंध्यनगर के औसुब इकाई वीएसटीपीपी विन्ध्यनगर में सीआईएसएफ कर्मियों के परिवारों और बच्चों के सशक्तिकरण और बेहतरी के लिए महत्वपुर्ण भुमिका निभाने वाली संस्था संरक्षिका के तत्वावधान में दिनांक 30 जुलाई 2026 एवं 31 जुलाई 2026 को क्रमशः मेहंदी प्रतियोगिता एवं सावन क्वीन प्रतियोगिता का भव्य एवं रंगारंग आयोजन इकाई वीएसटीपीपी विन्ध्यनगर के सभा हॉल में इकाई संरक्षिका अध्यक्षा श्रीमती गरिमा राय के नेतृत्व में किया गया। क्वीन प्रतियोगिता का कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सावन के उल्लास और पारंपरिक संस्कृति की मनमोहक छटा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व 30 जुलाई को मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपने हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी की कलाकृतियां उकेरीं। प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
वहीं, 31 जुलाई को सावन क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी हरे रंग के आकर्षक परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं तथा पारंपरिक सोलह श्रृंगार से सुसज्जित होकर सावन की हरियाली और भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को जीवंत कर दिया।
सावन क्वीन प्रतियोगिता को तीन रोमांचक चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास एवं आकर्षक अंदाज के साथ रैंप वॉक प्रस्तुत किया। द्वितीय चरण में टैलेंट हंट के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी विभिन्न प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता के माध्यम से उनकी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास एवं त्वरित निर्णय क्षमता का आकलन किया गया। तीनों चरणों में प्रतिभागियों के समग्र प्रदर्शन के आधार पर सावन क्वीन का चयन कर उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सावन की थीम पर आधारित क्विज प्रतियोगिता, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। महिलाओं ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ सभी कार्यक्रमों में भाग लिया।
पूरा आयोजन हंसी, उल्लास, उत्साह और आपसी सौहार्द से सराबोर रहा। कार्यक्रम ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय परंपरा और सावन के पर्व की खूबसूरती को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा तथा यह आयोजन सभी के लिए यादगार एवं अविस्मरणीय अनुभव बन गया।इस कार्यक्रम में इकाई संरक्षिका उपाध्यक्षा श्रीमती ममता भाटी, महिला निरीक्षक/कार्य संतोष नेगी , अन्य संरक्षिका महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लिया।