गैरसैंण में विधानसभा घेराव के दौरान कंटीले तारों से घायल हुए अमित रावत, श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती
उत्तराखंड क्रांति दल के युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचकर घायल यूकेडी कार्यकर्ता अमित रावत का हाल जाना। इस दौरान युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी, केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी, पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी, रुद्रप्रयाग के जिला महामंत्री अजीत सिंह और मीडिया प्रभारी आयुष रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण में विधानसभा घेराव के दौरान बैरिकेडिंग पर लगे कंटीले तारों से अमित रावत के घायल होने की घटना पर विरोध जताया। यूकेडी के युवा प्रकोष्ठ के चमोली जिलाध्यक्ष और ग्राम प्रधान आगर चट्टी अमित रावत 27 अक्तूबर को स्थायी राजधानी गैरसैंण की मांग को लेकर विधानसभा घेराव के दौरान घायल हो गए थे। यूकेडी के अनुसार, उनके पेट पर 23 और हाथ पर पांच टांके लगे हैं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बृहस्पतिवार को बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जांच चल रही है।
-----