-समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 23 अगस्त को-
-समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि-
-डीसी श्री अभिषेक मीणा ने एसपी श्री हेमेंद्र मीणा के साथ आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा-
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
जिला के बावल स्थित अनाज मंडी में मेघवाल उत्थान समिति के तत्वावधान में 23 अगस्त, दिन रविवार को समस्त अनुसूचित जाति का समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे।
डीसी श्री अभिषेक मीणा ने एसपी श्री हेमेंद्र मीणा के साथ शुक्रवार को समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली व एसडीएम श्री संजीव कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सुचारू यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Rewari, Rewari | Aug 22, 2026