मुरैना विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में हुआ पौधरोपण*
मुरैना, 5 जून मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुरैना श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल जलवायु को अनुकूल बनाए रखते हैं, बल्कि वातावरण में ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे अनेक प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। पौधों के संरक्षण से ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकता है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अभिभाषक संघ मुरैना श्री हरिसिंह सिकरवार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना, अपर कलेक्टर, आयुक्त नगर निगम सहित जिला न्यायालय मुरैना के न्यायाधीशगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।