स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अव्वल आने पर शहरवासियों ने विपुल गोयल का जताया आभार
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ फरीदाबाद की हवा में सुधार के प्रयासों को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में फरीदाबाद ने देश में चौथी रैंकिंग हासिल की है। शहर को मिली इस उपलब्धि से उत्साहित गणमान्य लोगों और शहरवासियों ने कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात कर उनका आभार जताया। इस दौरान काफी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। लोगों ने कहा कि शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए पिछले समय में किए गए प्रयास अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं।
इस मौके पर फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, पूर्व प्रधान वीरभान शर्मा के साथ अनेक उद्योगपतियों, कनफेडरेशन के अध्यक्ष एडवोकेट एनके गर्ग, सेक्टर 11 के आरडब्ल्यूए प्रधान देवेंद्र मान, सेक्टर 4 आर आरडब्ल्यूए टीम, सेक्टर 7 आरडब्ल्यूए प्रधान आरएस मावी व उनकी टीम, सेक्टर 18 आरडब्ल्यूए, सेक्टर 9 आरडब्ल्यूए, रोटेरियन वीरेंद्र मेहता, प्रकृति ट्रस्ट से रमा सरना, इनर व्हील क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन की अध्यक्ष संजना गर्ग व उनकी टीम, पूजा गुप्ता, मेघा बिंदल, वीविंग सिनर्जी से अध्यक्ष हरप्रीत कौर, रुचिरा खुल्लर, रेणु ढींगरा व उनकी टीम, सोहम चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रधान प्रतिमा गर्ग व उनकी टीम, खुशियों का खजाना संस्था से श्रीमती कमलेश व उनकी टीम, अनिता गौतम, सुशील जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व महिलाएं मौजूद रहे।
फरीदाबाद में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के निर्देश पर नगर निगम की ओर से कई स्तरों पर काम किए गए हैं। सड़कों की नियमित सफाई, मैकेनिकल स्वीपिंग, धूल नियंत्रण, सड़कों एवं गड्ढों की मरम्मत, हरित क्षेत्र बढ़ाने और प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण जैसे प्रयासों को इस दिशा में अहम माना जा रहा है।
शहर की प्रमुख सड़कों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के साथ-साथ धूल उड़ने की समस्या को कम करने पर भी जोर दिया गया। प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल सरकारी विभागों पर निर्भर रहने के बजाय सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को भी अभियान से जोड़ने की कोशिश की गई।
शहरवासियों ने कहा कि फरीदाबाद जैसे औद्योगिक शहर के लिए वायु गुणवत्ता में सुधार आसान चुनौती नहीं है। ऐसे में देश के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में चौथे स्थान पर पहुंचना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
शहरवासियों ने माना विपुल गोयल के प्रयासों का असर
शहर के गणमान्य लोगों ने कहा कि फरीदाबाद की हवा सुधारने के लिए स्थानीय निकाय विभाग और नगर निगम के स्तर पर लगातार किए जा रहे प्रयासों को गति मिली है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात कर शहर की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और उनके प्रयासों के लिए आभार जताया।
लोगों का कहना था कि फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, धूल नियंत्रण और पर्यावरण से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन प्रयासों का असर अब शहर की वायु गुणवत्ता की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है।
पूरे फरीदाबाद की है उपलब्धि : विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शहर की उपलब्धि का श्रेय किसी एक व्यक्ति को देने के बजाय पूरे फरीदाबाद को दिया। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ शहरवासियों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की भी भूमिका रही है।
विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद को अभी और आगे ले जाने की जरूरत है। उनका लक्ष्य केवल रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि शहर की हवा को लगातार बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि अगले चरण में भी सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा और नागरिकों की भागीदारी को और बढ़ाना होगा।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वच्छ हवा केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं की जा सकती। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने पौधरोपण को लेकर कहा कि केवल पौधे लगा देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। पौधे को पेड़ बनने तक उसकी देखभाल और सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनका संरक्षण करें, खुले में कचरा न जलाएं और शहर को साफ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन, हरियाली बढ़ाने और धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद के लिए चौथी रैंकिंग निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन अब चुनौती इस स्थिति को बनाए रखने और वायु गुणवत्ता को और बेहतर करने की है। औद्योगिक गतिविधियों, बढ़ते यातायात, निर्माण कार्यों और धूल जैसे प्रदूषण के स्रोतों पर लगातार निगरानी रखना जरूरी होगा।
यदि नगर निगम, प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक इसी तरह मिलकर काम करते रहे तो फरीदाबाद की हवा को और स्वच्छ बनाया जा सकता है।
👉 फरीदाबाद को आगे ले जाने के लिए इन बिंदुओं पर जोर
- सड़कों की नियमित एवं मैकेनिकल सफाई
- धूल प्रदूषण पर नियंत्रण
- सड़कों और गड्ढों की मरम्मत
- अधिक से अधिक पौधरोपण और उनका संरक्षण
- खुले में कचरा जलाने पर रोक
- कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना
- निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण
- आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना
पीएम के जन्मदिन पर दीप जलाने की अपील
इस मौके पर विपुल गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में शहरवासियों से भागीदारी की अपील की। उन्होंने लोगों से रात 8 बजे दीप जलाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने 14 से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाले भव्य गणेश उत्सव के लिए भी शहरवासियों को आमंत्रित किया। मंत्री ने बताया कि उत्सव में कई जानी-मानी हस्तियां भी शिरकत करेंगी।