विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु परिवारों के सर्वेक्षण का पूर्व कलेक्टर बुद्धेश वैद्य ने किया निरीक्षण
..
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु विभाग के संचालक एवं विदिशा के पूर्व कलेक्टर श्री बुद्धेश वैद्य का शुक्रवार को विदिशा आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने शमशाबाद सेक्टर के ग्राम करैया हीरालाल टापरा का भ्रमण कर जन अभियान परिषद द्वारा विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु जाति के परिवारों के किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया।
ग्राम भ्रमण के दौरान श्री वैद्य ने संबंधित समुदाय के परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने सर्वेक्षण के लिए तैयार किए जा रहे प्रपत्रों का अवलोकन करते हुए सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। समुदाय के लोगों द्वारा बताई गई स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जन अभियान परिषद के सर्वेक्षणकर्ताओं से भी चर्चा की और सर्वेक्षण के दौरान सामने आ रही समस्याओं तथा व्यावहारिक कठिनाइयों का आकलन किया। श्री वैद्य ने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य को व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु समुदाय के पात्र परिवारों की वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं का समुचित संकलन किया जा सके।
भ्रमण के दौरान जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती पूजा श्रीवास्तव सहित विकासखंड नटेरन के समस्त सर्वेक्षणकर्ता उपस्थित रहे। पिछड़ा वर्ग छात्रावास के अधीक्षक श्री यशपाल धाकड़, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि श्री बाबूलाल धाकड़, सर्वेक्षणकर्ता श्री मनोज मेहर, श्री निलेश धाकड़, श्री प्रकाश मीणा एवं श्री अभिषेक शर्मा सहित ग्राम सरपंच श्री मनोज गुर्जर, ग्राम पंचायत करैया के सचिव, जीआरएस तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों एवं सर्वेक्षणकर्ताओं ने सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी बनाने तथा समुदाय के अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया। #vidisha #JansamparkMP
36 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 14, 2026