51 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सापन नदी से युवक का शव बरामद
..
SDERF, होमगार्ड एवं स्थानीय गोताखोरों ने लगातार चलाया सघन सर्चिंग अभियान, आधुनिक उपकरणों से की गई डीप डाइविंग
..
शमशाबाद में सापन नदी एवं संजय सागर डैम के बैक वाटर क्षेत्र में युवक के नदी में कूदने की सूचना के बाद लगभग 51 घंटे तक लगातार चलाए गए रेस्क्यू एवं सर्चिंग ऑपरेशन के बाद आज SDERF टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया। बरामद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। शमशाबाद क्षेत्र में 20 सितंबर को 28 वर्षीय युवक गिरधर अहिरवार के सापन नदी, संजय सागर डैम के बैक वाटर क्षेत्र में नदी में कूदने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय विदिशा से SDERF एवं होमगार्ड की रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से नदी एवं बैक वाटर क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान प्रारंभ किया। युवक की तलाश नहीं होने पर 21 सितंबर को जिला मुख्यालय विदिशा से एक अतिरिक्त SDERF टीम को भी मौके पर भेजा गया। दोनों टीमों ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर लगातार नदी और बैक वाटर क्षेत्र में सर्चिंग की। इसके बावजूद युवक का पता नहीं चलने पर भोपाल से SDERF की विशेष टीम को डीप डाइविंग के लिए बुलाया गया था।
आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों से की गई सघन सर्चिंग -
भोपाल से पहुंची SDERF की विशेष टीम तथा विदिशा की SDERF-होमगार्ड टीम ने संयुक्त रूप से आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सर्चिंग अभियान चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन में 3 बोट, डीप डाइविंग किट, सोनार सहित अन्य आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों का उपयोग किया गया। टीमों ने नदी के विभिन्न हिस्सों एवं बैक वाटर क्षेत्र में लगातार सर्चिंग करते हुए युवक की तलाश जारी रखी। लगातार लगभग 51 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 22 सितंबर को SDERF टीम द्वारा युवक गिरधर अहिरवार का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर रहकर की निगरानी -
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे तथा पूरे अभियान की सतत निगरानी करते हुए संबंधित टीमों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया। मौके पर अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मसराम, शमशाबाद एसडीएम श्री अजय पाठक, एसडीओपी श्री अमरीश बोहरे, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड विदिशा श्री मयंक कुमार जैन, कंपनी कमांडर श्री देवी सिंह परते, तहसीलदार शमशाबाद एवं थाना प्रभारी शमशाबाद श्री आशुतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। लगातार 51 घंटे चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में विदिशा SDERF एवं होमगार्ड की 3 टीमों तथा भोपाल से पहुंची SDERF टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ समन्वय करते हुए नदी एवं बैक वाटर क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। टीमों के सतत प्रयासों के बाद युवक का शव बरामद किया जा सका है। #Vidisha