उमंग दिवस पर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
..
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय विदिशा में मंगलवार को उमंग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उमंग एंथम से हुआ। विद्यालय की प्राचार्य द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा प्राचार्य खजान सिंह ने विगत पांच वर्षों से संचालित उमंग कार्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक चौकसे एवं विशेष अतिथि इंडियन अमेरिकन फाउंडेशन की शोभा तिवारी उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता डॉ. प्राची कुशवाहा ने विद्यार्थियों को मासिक धर्म एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी उपयोगी जानकारी देते हुए इसे प्राकृतिक प्रक्रिया बताया। डॉ. केशव बंसल ने हाथ धुलाई का डेमो प्रस्तुत कर स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा ‘मैं हूं राजा’ रोल प्ले प्रस्तुत किया गया। साथ ही उमंग कार्यक्रम पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रत्येक कक्षा से उमंग मैसेंजर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डॉ. हर्ष साहू, डॉ. कृषिका निमावत, डॉ. जगदीश, डॉ. संध्या तोमर, डॉ. प्रिया तोमर एवं डॉ. श्रुति तोमर सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अकादमिक प्रभारी एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित विजय श्रीवास्तव ने किया। आभार उमंग कार्यक्रम प्रभारी उमेश ताम्रकार ने व्यक्त किया। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा। #Vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026