#गुना - धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय संस्कृति का दिखा गौरवशाली स्वरूप, निकली भव्य सांस्कृतिक रैली
जनजातीय लोकनृत्य एवं लोककलाओं की हुई आकर्षक प्रस्तुतियां, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को जिला पंचायत विश्राम गृह, गुना में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गुना श्री पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में एकलव्य विद्यालय एवं सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं द्वारा जनजातीय लोकनृत्य एवं लोककलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत की झलक देखने को मिली।
सामाजिक समरसता एवं समानता को मजबूत करने का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज को विभिन्न वर्गों में बांटने के बजाय समरसता, समानता एवं आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मूल रूप से भौगोलिक परिवेश के आधार पर पहाड़ों में रहने वालों को गिरिवासी, वनों में रहने वालों को वनवासी, गांवों में रहने वालों को ग्रामवासी तथा शहरों में रहने वालों को नगरवासी कहा जाता था। समाज में विभाजन के स्थान पर एकता और परस्पर सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने माता शबरी का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य भक्ति के कारण उन्हें आज भी श्रद्धा के साथ स्मरण किया जाता है।
विभिन्न विभागों ने लगाईं प्रदर्शनी, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय नवाचारों की जानकारी आमजन को दी गई। कार्यक्रम में संभागीय स्पोर्ट्स मीट एवं योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एकलव्य आवासीय विद्यालय, गुना के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक रैली में दिखी जनजातीय संस्कृति की झलक
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक रैली का आयोजन भी किया गया। रैली जिला पंचायत विश्राम गृह से प्रारंभ होकर हनुमान चौराहा एवं हाट रोड होते हुए अंबेडकर चौराहा पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा आकर्षक जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में जिला संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग श्री बी. सिसोदिया द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
#Guna CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh SP Guna MP CMO Municipal Council Guna
Guna, Madhya Pradesh | Nov 15, 2026