गाजीपुर में हत्या के आरोपी संजय बिंद का पुलिस से मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली
गाजीपुर। मोहांव गांव में जुए के दौरान हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी संजय बिंद को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आत्मसमर्पण के बाद पूछताछ में घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कराने की बात कही थी।
पुलिस टीम आरोपी को लेकर हथियार की बरामदगी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को तत्काल सदर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .32 बोर की एक पिस्तौल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बकराबाद गांव निवासी संजय बिंद पुत्र फिरंगी बिंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस द्वारा मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है