#गाजीपुर: जुए के अड्डे पर गोलीकांड का आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्तौल बरामद, दोनों पैरों में लगी गोली; अस्पताल में कराया गया भर्ती
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव में जुए के दौरान हुई गोलीबारी और एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को घटना में प्रयुक्त असलहा बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय बिंद पुत्र फिरंगी बिंद निवासी बकराबाद ने थाने में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कराने की बात कही। पुलिस टीम जब उसकी निशानदेही पर असलहा बरामद करने पहुंची, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे तत्काल सदर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक .32 बोर की पिस्तौल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017, 2025 और 2026 के मामले शामिल हैं। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे। #GhazipurNews #BreakingNews