सहरसा पुलिस की बड़ी कामयाबी, छिनतई कांड का उद्भेदन, पाँच लाख नकद समेत अहम दस्तावेज बरामद
सहरसा। जिले के पतरघट थाना पुलिस ने छिनतई की एक बड़ी वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए ₹5 लाख नकद बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई नकदी, वादी का आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किया है। जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को सुरसराहा वार्ड संख्या-08 निवासी हरेंद्र यादव अपने मित्र के साथ चारपहिया वाहन से मधेपुरा स्थित एक्सिस बैंक से ₹5 लाख निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान कहरा मोड़ स्थित कपसिया गांव के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने रुपये से भरा बैग और अन्य आवश्यक कागजात छीन लिए थे।
घटना के बाद पीड़ित के बयान पर पतरघट थाना कांड संख्या-123/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने बैंक और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण तथा मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कटिहार जिले के जुराबगंज निवासी रामकुमार यादव के रूप में की। इसके बाद सहरसा पुलिस ने कटिहार पुलिस और बिहार एसटीएफ के सहयोग से आरोपी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से ₹5 लाख नकद, वादी का आधार कार्ड तथा एटीएम कार्ड बरामद कर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में पतरघट थानाध्यक्ष शशि कुमार, पुलिस पदाधिकारी नंदन कुमार, जिला आसूचना इकाई सहरसा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बिहार एसटीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Kahara, Saharsa | Jun 29, 2026