भरमौर में लगातार खराब हो रही बसों से चरमराई परिवहन व्यवस्था, तीन बसें रास्तों में खड़ी
खनी, सुप्पा और पट्टी मार्ग पर बसें खराब होने से ग्रामीण परेशान, नई बसें भेजने की उठी मांग
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में परिवहन निगम की बसों के लगातार खराब होने से ग्रामीण क्षेत्रों की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के खनी, सुप्पा और पट्टी मार्ग पर परिवहन निगम की तीन बसें खराब होने के कारण रास्तों में खड़ी हैं। इससे इन मार्गों पर नियमित बस सेवा प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खनी मार्ग पर परिवहन निगम की मिनी बस पिछले करीब एक सप्ताह से मामूली खराबी के कारण खड़ी है। बस के लंबे समय से सड़क किनारे खड़े रहने के कारण इस मार्ग पर आने-जाने वाले ग्रामीणों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, सुप्पा मार्ग पर वीरवार सुबह परिवहन निगम की बस पुलन गांव के समीप खराब हो गई। बस ऐसे स्थान पर खराब हुई, जहां सड़क की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण मोटरसाइकिल तक निकालने में दिक्कत हो रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की स्थिति पहले से ही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। पुलन के समीप पहाड़ी दरकने के बाद लोक निर्माण विभाग के मजदूरों ने नई पहाड़ी को काटकर काफी मुश्किल से छोटे वाहनों के निकलने योग्य रास्ता तैयार किया, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों का भरमौर से आवागमन शुरू हो पाया। ऐसे में सड़क के संकरे हिस्से में बस खराब होने से यातायात प्रभावित होने के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी हुई है।
इसी तरह पट्टी बस स्टैंड के बाद भी परिवहन निगम की एक बस पिछले तीन दिनों से खराब हालत में खड़ी है। तीन अलग-अलग मार्गों पर बसों के खराब होने से ग्रामीणों में परिवहन निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि भरमौर जैसे दुर्गम और जनजातीय क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है। यहां की भौगोलिक परिस्थितियों और संकरी व कठिन सड़कों को देखते हुए पुरानी या बार-बार खराब होने वाली बसों के बजाय ऐसी बसें भेजी जानी चाहिए, जो इन मार्गों की परिस्थितियों के अनुकूल हों। लोगों ने परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि खराब बसों को शीघ्र हटाकर उनकी जगह नई और बेहतर स्थिति वाली बसें उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो और सड़क पर किसी तरह की अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
उधर, अड्डा प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि खनी, सुप्पा और पट्टी मार्ग पर बसों के खराब होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।