बेतिया में 7वीं जिला स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज, बेटियों ने दिखाया दमखम...
खेल के मैदान में बेटियों के जोश और जज्बे का शानदार नजारा बुधवार को बेतिया के खेल भवन सह व्यायामशाला में देखने को मिला। यहां 7वीं पश्चिम चंपारण जिला स्तरीय जूनियर बालिका इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंची खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम की महापौर सह मुख्य अतिथि गरिमा देवी सिकारिया, जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार, प्रख्यात शिक्षक एनके राय, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्रीमान मिश्रा, राजेश कुमार सिंह और महासचिव आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन से पहले अतिथियों को स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्रीमान मिश्रा ने कबड्डी कोर्ट का विधिवत पूजन किया। इस मौके पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता सिर्फ पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बेटियों को खेल के मैदान में आगे बढ़ने का अवसर देना समाज और जिले के उज्ज्वल भविष्य में निवेश करने जैसा है। महापौर ने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
#champaran24news