जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स, उपभोक्ता संरक्षण, नाप-तौल एवं राज्य खाद्य निगम से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नवंबर माह के खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के दौरान अब तक मात्र 61.86 प्रतिशत वितरण होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। धोरैया प्रखंड में खाद्यान्न वितरण की प्रगति सबसे कम पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया कि 25 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को जन वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित एवं सघन निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। वितरण कार्य में लापरवाही बरतने वाले जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से स्पष्टीकरण पूछने तथा उनके विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के लिए अधिक से अधिक लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने हेतु प्रेरित करने हेतु निर्देशित किया गया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति बढ़ाने के लिए पंचायत स्तर पर कार्यरत ऑपरेटरों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, राज्य खाद्य निगम के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्धारित समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने वाले ट्रांसपोर्टरों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि खाद्यान्न आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 18, 2026