जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में जिला शहरी गैस अनुश्रवण एवं सहयोग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, बांका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन के विस्तार, निर्माण कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा सीएनजी सुविधाओं के विकास की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि देश में ऊर्जा की बढ़ती मांग एवं स्वच्छ तथा पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहरी गैस वितरण नीति, 2025 अधिसूचित की गई है। इसके तहत जिले में पीएनजी पाइपलाइन के निर्माण एवं खुदाई से संबंधित कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने मुजफ्फरपुर में घटित घटना के मद्देनजर गैस पाइपलाइन निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने एचपीसीएल के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन का कार्य किया जा रहा है, वहां पाइपलाइन के रूट एवं कार्यस्थलों की विस्तृत जानकारी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए।
एचपीसीएल के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में लगभग 27 किलोमीटर क्षेत्र में पीएनजी पाइपलाइन का कार्य चल रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद एवं संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि संबंधित एजेंसी एवं नगर परिषद के वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर पाइपलाइन निर्माण की कार्ययोजना पर चर्चा करें, ताकि कार्यों का निष्पादन सुचारू रूप से हो सके।
बैठक में एचपीसीएल के पदाधिकारी ने बताया कि जिले के कुल 9 पेट्रोल पंपों पर सीएनजी सुविधा विकसित करने का कार्य चल रहा है, जिनमें से 6 पेट्रोल पंपों पर सीएनजी सुविधा कार्यरत है, जबकि शेष 3 पेट्रोल पंपों पर कार्य प्रगति पर है। जिला पदाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
पीएनजी वितरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि निर्धारित 3,200 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1,340 लक्ष्य प्राप्त किए जा चुके हैं। जिला पदाधिकारी ने शेष लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं एचपीसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 18, 2026