नालंदा - धमासंग पंचायत भवन में मनाया गया विश्व शौचालय दिवस, स्वच्छता के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
पांच ब्रांचों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कर्मियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया हिस्सा
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - फाइनेंशियल इंक्लूजन ट्रस्ट की ओर से गुरुवार को रहुई प्रखंड क्षेत्र के पतासंग पंचायत अंतर्गत धमासंग गांव स्थित पंचायत भवन में विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पांच ब्रांचों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें पैठना, पतासंग, दोसूत, डिहरी और नरसंडा ब्रांच की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, साफ-सफाई और शौचालय के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कर्मचारी, रहुई प्रखंड के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, सीडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा फाइनेंशियल इंक्लूजन ट्रस्ट के सभी टीम लीडर, हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य सहायिका दीदियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन एरिया कोऑर्डिनेटर निभा कुमारी ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ शौचालय का उपयोग करना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि परिवार और समाज को स्वस्थ रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। खुले में शौच से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को शौचालय का नियमित उपयोग करना चाहिए। साथ ही घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए भी लोगों को आगे आने की जरूरत है।
इस मौके पर टीम लीडर सोनम कुमारी ने बताया कि विश्व शौचालय दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को शौचालय के महत्व और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
वहीं, पतासंग पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ललेंदर पासवान ने कहा कि स्वच्छता एक स्वस्थ समाज की पहचान है। पंचायत स्तर पर भी लोगों को साफ-सफाई और शौचालय के उपयोग के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पांचों ब्रांच के प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी कर्मियों सहित बड़ी संख्या में संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही।
Rahui, Nalanda | Nov 19, 2026