आज दिनांक 23 जून 2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, विद्युत विभाग के ईई एई एवं जेई साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने, जुलूसों के शांतिपूर्ण संचालन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, स्वच्छता व्यवस्था तथा आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही पर्व के अवसर पर सतर्कता बरतते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि मुहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, पेयजल एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को स्थानीय शान्ति समिति की बैठक सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी कार्यक्रमों की तिथि एवं समय के साथ सूची तैयार कर उसी अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। भारत नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत अधिक से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखते हुए किसी भी तरह के आपत्तिजनक एवं अफवाहजनक संवाद पोस्ट करने वालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में गहन पेट्रोलिंग विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। आसूचना संकलन पर विशेष बल देने को कहा गया। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने कर्त्तव्य स्थल पर निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे।
साफ-सफाई को लेकर तथा रूट मार्ग पर विशेष चौकसी बरतने का निदेश सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को दिया गया। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि ताजिया जुलूस के निर्धारित रूट की जानकारी प्राप्त करें तथा मार्गों पर लूज एवं झूलते हुए बिजली तारों की मरम्मत समय पर कराएं। ताजिया जुलूस मार्गों पर वीडियो रिकॉर्डिंग एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। डीजे संचालकों से मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बांड डाउन भरवाने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा आमजन से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
4 views | Patna, Bihar | Jun 23, 2026