ई-केवाईसी में जहानाबाद को प्रथम स्थान पर लाने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बुधवार को आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें राशन कार्ड ई-केवाईसी, जन वितरण प्रणाली, धान अधिप्राप्ति, सीएमआर, टीपीडीएस, आईसीडीएस के लिए चावल की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था और आगामी खरीफ अधिप्राप्ति की तैयारियों की समीक्षा की गई।
राशन कार्ड ई-केवाईसी की समीक्षा में जहानाबाद राज्य में दूसरे स्थान पर पाया गया। जिला पदाधिकारी ने लंबित ई-केवाईसी को तेजी से पूरा कर जिले को राज्य में प्रथम स्थान पर पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे राशन कार्ड, जिन्हें विलोपित किया जाना था लेकिन दोबारा सक्रिय हो गए हैं, उन्हें तत्काल रिवर्स करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
धान अधिप्राप्ति और सीएमआर की समीक्षा के दौरान पैक्स से मिल, सीएमआर गोदाम और टीपीडीएस तक की पूरी प्रक्रिया का वास्तविक आंकड़ों के साथ एकीकृत विवरण तैयार करने का निर्देश दिया गया। करीब 9,000 क्विंटल लंबित धान का परिवहन तत्काल पूरा कराने को कहा गया। साथ ही अधिप्राप्त धान, मिलों को भेजे गए धान, जमा सीएमआर, गोदाम व जन वितरण दुकानों में उपलब्ध स्टॉक तथा वास्तविक उठाव की जानकारी वाली डायनामिक स्प्रेडशीट नियमित अपडेट करने का निर्देश दिया।
सितंबर में टीपीडीएस गोदाम से जन वितरण दुकानों तक खाद्यान्न डिस्पैच में तेजी लाने तथा आईसीडीएस के लिए दो दिनों के भीतर चावल उपलब्ध कराने को कहा गया। जन वितरण दुकानों और गोदामों के नियमित निरीक्षण पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले विपणन पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
आगामी खरीफ अधिप्राप्ति को लेकर मिल सत्यापन और अंतिम टैगिंग 10 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा गया। पैक्स की क्षमता, टैगिंग समेत अन्य तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। अगली बैठक से प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा सिस्टम जनरेटेड एवं तथ्यपरक पीपीटी के माध्यम से करने को कहा गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।