26 अगस्त से सुबह 4 बजे फिर शुरू होगी हड़सर से मणिमहेश कैलाश तक पैदल यात्रा
प्रशासन ने यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रात 7 से सुबह 4 बजे तक जारी रहेगा प्रतिबंध
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 25 अगस्त।
श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा के मद्देनजर हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश तक पैदल यात्रा 26 अगस्त से सुबह 4 बजे पुनः शुरू होगी। प्रशासन की टीम ने यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर इसकी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग को श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए दुरुस्त एवं सुरक्षित पाया गया।
एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 26 अगस्त से हड़सर से कैलाश तक पैदल यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालु सुबह 4 बजे से यात्रा शुरू कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व में जारी आदेशों के अनुसार यात्रा प्रतिदिन सायं 7 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक बंद रहेगी। इस अवधि में यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के आवागमन की अनुमति नहीं होगी। रात्रि के समय संभावित कठिनाइयों और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
घोड़े-खच्चरों को लेकर अलग से जारी होंगे आदेश
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि घोड़ों एवं खच्चरों के आवागमन को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। यात्रा मार्ग की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के बाद इस संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के आगामी आदेशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां लगातार बदलती रहती हैं। ऐसे में श्रद्धालु अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
एसडीएम ने समस्त श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों से निर्धारित समय में ही यात्रा करने तथा यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।