राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर समीक्षा बैठक, 12 सितंबर को होगा आयोजन,
शिवहर:आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष संजय अग्रवाल के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक ने की। बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी महेश कुमार समेत जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित मामलों में नोटिसों के तामिला की स्थिति की समीक्षा की गई। सचिव ललन कुमार रजक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि लोक अदालत से जुड़े सभी नोटिसों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस तामिला में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने शमनीय मामलों की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निष्पादन कराया जा सके। वहीं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी महेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों को छोटे एवं शमनीय आपराधिक मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों से संबंधित नोटिसों का शीघ्र तामिला कराकर इसकी रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जमा कराई जाए। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।