जिला जेल अशोकनगर में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजित
60 बंदियों का हुआ परीक्षण
मौसमी बीमारियों से बचाव और योग-प्राणायाम का दिया गया परामर्श
---
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के निर्देशन में जिला जेल अशोकनगर में आयुष विभाग द्वारा एक विशेष निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जिला आयुष अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला जेल अधीक्षक के विशेष सहयोग व समन्वय से आयोजित हुआ। शिविर के दौरान जेल के लगभग 60 बंदियों (मरीज) को चिकित्सीय सेवाएँ एवं स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया। चिकित्सा दल द्वारा शिविर में आए सभी मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके अंतर्गत मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर (मधुमेह) की जाँचें की गईं। जाँच के उपरांत संबंधित बीमारियों से ग्रसित मरीजों को आयुष विभाग की ओर से आवश्यक एवं संबंधित दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मौसमी बीमारियों से बचाव और योग पर विशेष सत्र
वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए शिविर में बंदियों को इस मौसम में फैलने वाली मौसमी बीमारियों (जैसे- सर्दी, खांसी, बुखार, मलेरिया, डेंगू और पेट जनित संक्रमण) से सुरक्षित रहने के लिए विशेष परामर्श व सलाह दी गई। चिकित्सकों द्वारा बंदियों को खान-पान में सावधानी बरतने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा बैरकों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, बंदियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से जीवनशैली में सुधार लाने की सलाह दी गई। उन्हें प्रतिदिन सुबह नियमपूर्वक योग एवं प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) मजबूत बनी रहे।
इस शिविर में आयुष विभाग की ओर से मुख्य रूप से डॉ. दीपक रघुवंशी, डॉ. धर्मेंद्र सोनी एवं अन्य अधीनस्थ मेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ बंदियों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर के सफल संचालन में जिला जेल प्रबंधन एवं जेल स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
#ashoknagar