जिला जेल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं कलेक्टर ने की शिरकत,
बंदियों का बढ़ाया उत्साह
---
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला जेल, अशोकनगर में बंदियों के मनोरंजन एवं पुनर्वास की भावना को बढ़ावा देने हेतु *सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सतीश चंद्र शर्मा तथा कलेक्टर श्री साकेत मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जेल अधीक्षक श्री ललित दीक्षित जी ने किया। अधिकारियों ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा देशभक्ति गीत, भजन, लोकनृत्य एवं नाटक की प्रस्तुतियां दी गईं। बंदियों की प्रतिभा को देखकर उपस्थित सभी अतिथि एवं अधिकारीगण अभिभूत हुए।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं है, बल्कि यह सुधार एवं पुनर्वास का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों से बंदियों में सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने कहा कि सभी जन इस संसार में बंदी के तौर पर है और सबको जिस जगह है बहन अपना शत प्रतिशत दिया जाना चाहिए , साथ ही सुख में अहंकार नहीं पनपना चाहिए न ही दुख में निराशा लानी चाहिए, जिला प्रशासन का उद्देश्य बंदियों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बंदियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से तनाव कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। प्रशासन द्वारा जेल में शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल का निरीक्षण भी किया तथा बंदियों से सीधी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों के लिए पुस्तकालय, खेल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधाएं और बेहतर की जाएं।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी, जिला जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी बंदियों को फल एवं मिठाई वितरित की गई।
#ashoknagar