Indore Commissioner श्री भास्कर लक्षकार ने आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की परिचयात्मक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागवार योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को समय-सीमा में सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी श्री विजयानंथम टी.आर. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान के अंतर्गत किए गए निराकरण का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से फॉलोअप लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने को कहा।
*स्वच्छ भारत मिशन एवं आजीविका गतिविधियों पर विशेष ध्यान*
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने क्रेडिट लिंकेज पर विशेष फोकस करने को कहा, ताकि स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जा सके।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेंशन योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं से संबंधित कोई भी प्रकरण ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित नहीं रहना चाहिए। आवेदन प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए। संबल पंजीयन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
*हितग्राहियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले*
आयुष विभाग की समीक्षा में एड ऑन थेरेपी के तहत दवाइयों के वितरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि हितग्राहियों को दवाइयां वास्तविक रूप से प्राप्त हो रही हैं या नहीं, इसका वेरिफिकेशन भी सुनिश्चित किया जाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत लाड़ली योजना की समीक्षा की गई। मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों एवं प्रगति का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान वन अधिकार पत्रों के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। टंट्या मामा आर्थिक योजना की प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की गई।
*शिक्षा की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता*
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से धार में डिजिटल स्टूडियो तैयार किया गया है, जहां वीडियो लेक्चर तैयार किए गए हैं। इन्हें वेबकैम के माध्यम से इंटरैक्टिव क्लासेस में परिवर्तित किया गया है। वर्तमान में 60 स्कूलों में पिछले एक सप्ताह से नियमित इंटरैक्टिव क्लासेस संचालित की जा रही हैं।
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए, जो विद्यालय में अध्यापन पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते तथा ट्यूशन पर अधिक ध्यान देते हैं।
उन्होंने प्रत्येक छात्रावास की मैपिंग कराने तथा नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। छात्रावासों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निःशुल्क साइकिल वितरण योजना की भी जानकारी ली।
*कृषि एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा*
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण टोकन से संबंधित समस्याओं एवं उनके निराकरण की जानकारी प्राप्त की गई। पशुपालन विभाग की समीक्षा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं पशुओं के टीकाकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
वन विभाग की संचालित गतिविधियों तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जल शुल्क का प्रभावी संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। एनवीडीए के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की भी जानकारी ली गई।
*अवैध कॉलोनाइजर पर कार्रवाई के निर्देश*
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को अवैध कॉलोनाइजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों में कर्मचारियों के समयमान वेतन एवं पे फिक्सेशन से संबंधित प्रकरणों को लंबित नहीं रखने तथा पात्र कर्मचारियों को समय पर लाभ देने के निर्देश दिए।
*राजस्व कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें*
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को पटवारियों की बैठक लेकर राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी नियमित रूप से फील्ड में उपस्थित रहकर कार्य करें। राजस्व न्यायालयों के कार्य को गंभीरता से लिया जाए। प्रत्येक राजस्व न्यायालय के सामने पीठासीन अधिकारी का नाम तथा न्यायालय के समय का स्पष्ट उल्लेख किया जाए।
सीमांकन कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि तहसीलदार स्वयं सीमांकन कार्य करें तथा सीमांकन न्यायसंगत एवं औचित्यपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को कोर्ट कार्य की पूरी जानकारी होना चाहिए। आवश्यकता होने पर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिलाया जाए।
उन्होंने राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए ग्राम स्तर एवं हल्का स्तर तक प्रभावी प्रयास किए जाएं। अप्राकृतिक मृत्यु के प्रकरणों में भी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गति लाने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने भोजशाला व धारेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
Jansampark Madhya Pradesh
40 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026