कलान के कुनिया नौआबाद में जमीन विवाद को लेकर दबंगई: दलित परिवार की झोपड़ी में लगाई आग, मारपीट का भी आरोप
शाहजहाँपुर (कलान): थाना कलान क्षेत्र के ग्राम कुनिया नौआबाद में ग्राम समाज की बंजर जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में दबंगई की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित दलित परिवार ने गांव के दबंगों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने और उनका आशियाना (झोपड़ी) फूकने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
ग्राम समाज की बंजर जमीन को लेकर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुनिया नौआबाद में ग्राम समाज की बंजर जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में दबंगों ने पीड़ित दलित परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद दबंगों ने पीड़ित परिवार की झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे उनका आशियाना जलकर राख हो गया।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाकर न्याय की मांग की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 23, 2026