शेखपुरा मंडल कारा में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में औचक निरीक्षण एवं सघन तलाशी, कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं।
मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था एवं आंतरिक प्रबंधन का जायजा लेने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 06.11.2026 को अहले सुबह जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शेखपुरा मंडल कारा का औचक निरीक्षण एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
इस अभियान में अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच) श्री संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान कारा के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासन स्थलों एवं परिसर के अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली गई। इस क्रम में किसी भी प्रकार की अवैध अथवा आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने कहा कि कारा की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था के प्रभावी अनुश्रवण हेतु समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारा की सुरक्षा, अनुशासन एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन सतत सजग है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे।