*पंचायतीराज चुनाव-2026 : पहाड़ी क्षेत्र के 20 बूथों का निरीक्षण, संवेदनशील केंद्रों पर संयुक्त जांच के निर्देश*
*उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार ने ली अधिकारियों की बैठक, बिजली-पानी, स्वच्छता, सुरक्षा और मतदाताओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर*
नगर/डीग, 15 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार ने गुरुवार को पहाड़ी क्षेत्र के छह राजकीय विद्यालयों में बनाए गए 20 मतदान बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मातुकी के तीन, खेड़लीमन्ना के तीन, सतवाड़ी के तीन, सहसन के पांच, बामनवाड़ी के तीन तथा कंचनेर के तीन बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय पहाड़ी में अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के संबंध में उपखंड अधिकारी और पुलिस उप अधीक्षक पहाड़ी को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास अधिकारी को मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, स्वच्छता एवं साइनेज सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को मतदान केंद्रों पर वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को आवश्यक सहयोग मिल सके।
उन्होंने हरियाणा सीमा से जुड़े मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा सतवाड़ी स्थित आदर्श मतदान केंद्र को पूरी तरह व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों को पाबंद करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी पहाड़ी जोगेंद्र सिंह गुर्जर, पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह मीना, विकास अधिकारी विजय जैन, तहसीलदार धर्म सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।